जालंधर (दीपक पंडित) पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) के जालंधर सेंट्रल से विधायक रमन अरोड़ा को आज (शनिवार को) दोपहर विजिलेंस टीम द्वारा कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट में पेश कर रमन अरोड़ा का पांच दिन का पुलिस रिमांड हासिल हुआ है।
हालांकि अधिकारियों ने कोर्ट से दस दिन का पुलिस रिमांड मांगा था। पहले अरोड़ा को सुबह 11 बजे पेश किया जाना था, मगर ऐसा नहीं हो पाया। अब उन्हें दोपहर करीब तीन बजे कोर्ट में पेश किया गया। हालांकि अभी ये स्पष्ट नहीं है कि अरोड़ा से मोहाली में पूछताछ होगी या फिर जालंधर में।
बता दें कि, विजिलेंस टीम ने शुक्रवार को सुबह 8.45 बजे अरोड़ा के अशोक नगर स्थित घर पर रेड करने पहुंची थी। आज यानी शनिवार को सुबह विजिलेंस की एक टीम फिर से सर्च के लिए विधायक अरोड़ा के घर पर पहुंची। उल्लेखनीय है कि विजिलेंस की रडार पर पंजाब पुलिस सहित अन्य विभागों के से जुड़े कुछ अधिकारी भी हैं।