जालंधर (दीपक पंडित) जाट फिल्म में विवादित सीन को लेकर फिल्म के निर्माताओं और अन्य टीम सदस्यों ने माफी मांग ली है। शुक्रवार को देर शाम शेयर की गई एक सोशल मीडिया पोस्टर में जाट फिल्म की टीम ने कहा- हमारा मकसद किसी भी धर्म या व्यक्ति की भावनाओं को आहत करना नहीं था।
समाज द्वारा रोष जताए जाने के बाद हमने उक्त विवादित सीन को हटा दिया है। इस गलती के लिए हमें खेद है। दोबारा हम उन लोगों के माफी मांगते हैं, जिनकी भावनाएं आहत हुईं है। इसे लेकर फिल्म के मेकर्स की ओर से एक पोस्टर जारी किया गया है।

ईसाई समाज के विरोध पर हटाए गए फिल्म से विवादित सीन
ईसाई समाज के पंजाब में विरोध के बाद जाट फिल्म के मेकर्स ने विवादित सीन हटा दिए थे। पंजाब के जालंधर में FIR के बाद ये फैसला लिया गया था। एक दिन पहले ईसाई समुदाय के अल्टीमेटम के बाद बॉलीवुड एक्टर सनी देओल और रणदीप हुड्डा समेत 5 लोगों पर FIR दर्ज की गई थी। ईसाई समुदाय का आरोप था कि जाट फिल्म में चर्च वाले सीन से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है।
ईसाई समाज ने जालंधर में प्रदर्शन भी किया था। उन्होंने फिल्म पर बैन लगाने की मांग उठाई थी। प्रदर्शन के बाद जालंधर के सदर थाने में सनी देओल, रणदीप हुड्डा, विनीत कुमार, निर्देशक गोपी चंद, निर्माता नवीन मालिनेनी के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। जाट फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।