जालंधर (दीपक पंडित) जाट फिल्म से शुक्रवार को चर्च का विवादित सीन हटा दिया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पंजाब के जालंधर में FIR के बाद ये फैसला लिया गया है। एक दिन पहले ईसाई समुदाय के अल्टीमेटम के बाद बॉलीवुड एक्टर सनी देओल और रणदीप हुड्डा समेत 5 लोगों पर FIR दर्ज की गई थी। ईसाई समुदाय का आरोप था कि जाट फिल्म में चर्च वाले सीन से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है।
ईसाई समाज ने जालंधर में प्रदर्शन भी किया था। उन्होंने फिल्म पर बैन लगाने की मांग उठाई थी। प्रदर्शन के बाद जालंधर के सदर थाने में सनी देओल, रणदीप हुड्डा, विनीत कुमार, निर्देशक गोपी चंद, निर्माता नवीन मालिनेनी के खिलाफ केस दर्ज किया गया। जाट फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।