लुधियाना (द पंजाब प्लस) लुधियाना पश्चिम में 19 जून को होने वाले उपचुनाव और 4 जून को राहुल गांधी के चंडीगढ़ दौरे से ठीक पहले पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आज पार्टी के सभी हलका समन्वयकों की बैठक बुलाई है।
बैठक सुबह पंजाब कांग्रेस भवन में होगी। इस दौरान वह जहां राज्य में चल रही संविधान बचाओ यात्रा और अन्य स्थितियों पर फीडबैक लेंगे, वहीं आने वाले दिनों में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी को कैसे घेरा जाए, इस पर रणनीति बनाई जाएगी।
पंजाब कांग्रेस भी अब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में जुटी हुई है। संविधान बचाओ यात्रा के बहाने सभी दिग्गज नेता हलकों में जाकर जमीनी हकीकत को समझ रहे हैं। साथ ही पार्टी छोड़ चुके नेताओं की घर वापसी पर फोकस किया जा रहा है।
वहीं, पार्टी प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग साफ कर चुके हैं कि मुश्किल समय में जो पार्टी के साथ खड़े थे, जिन्होंने खुद पर पर्चे दर्ज करवाए हैं, सरकार आने पर उन्हीं लोगों को जिम्मेदारियां दी जाएंगी। इतना ही नहीं, लुधियाना उपचुनाव से पहले सारे सीनियर नेताओं को एक मंच पर लाने में पार्टी हाईकमान कामयाब रही है। इस दौरान पार्टी प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, सुखजिंदर सिंह रंधावा, चरणजीत सिंह चन्नी मौजूद रहे।