चंडीगड़ (द पंजाब प्लस) पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या मामले के जांच अधिकारी तत्कालीन थाना सिटी-1 के इंचार्ज अंग्रेज सिंह की मौत हो गई है। वह बीमार चल रहे थे, जिनका इलाज लुधियाना के प्राइवेट अस्पताल में चल रहा था। शुक्रवार को मानसा कोर्ट में उनकी पेशी भी थी। जब वह पेश नहीं हुए तो कोर्ट ने जुलाई की अगली तारीख दी।
सिद्धू मूसेवाला की हत्या मामले की जांच अंग्रेज सिंह ने ही शुरू की थी। बीमारी के बाद वह रिटायर हो गए थे। अब उनका बेटा पंजाब पुलिस में सेवाएं दे रहा है। वहीं, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने लॉरेंस गैंग के एक मेंबर को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल सरकार के रूप में हुई है। इस पर आरोप है कि यह लॉरेंस गैंग के गुर्गों को देश से निकालने के लिए फर्जी पासपोर्ट बनवाकर देता था। मूसेवाला हत्याकांड के प्रमुख आरोपियों में से एक सचिन थापन को भी विदेश जाने के लिए इसने ही फर्जी पासपोर्ट बनाकर दिया था।
इस मामले की जांच NIA काफी समय से कर रही थी। NIA ने शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार किया और दिल्ली के पटियाला हाउस स्थित NIA की विशेष अदालत में पेश किया।