लुधियाना (द पंजाब प्लस) लुधियाना में कार लूटने के मामले में रेड करने गई पुलिस टीम पर निहंगों ने हमला कर दिया। थाना सदर के SHO और पुलिस चौकी मराडो के इंचार्ज (SI) समेत 4 कर्मचारी घायल हुए हैं। SHO को आंख के पास तलवार का कट लगा है, जबकि चौकी इंचार्ज की 2 अंगुलियां कट गईं।
सूत्रों के मुताबिक घटनास्थल पर गोलीबारी भी हुई है। हालांकि इसकी अभी किसी अधिकारी ने पुष्टि नहीं की है।
इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि बाकी हमलावर फरार हो गए। घायल अधिकारियों और कर्मचारियों को सिविल अस्पताल लाया गया, जहां उन्हें उपचार दिया गया। घटना रात करीब सवा दस बजे की है।
जानकारी के अनुसार करीब 4 दिन पहले 3 निहंगों ने गांव संगोवाल में एक व्यक्ति से बंदूक के दम पर ऑल्टो कार लूट ली थी। इस मामले में देर रात एसएचओ हर्षवीर और मराडो पुलिस चौकी इंचार्ज तरसेम ने आरोपियों की तलाश के लिए गांव कमालपुर में रेड की।
यहां पर पहले एक निहंग पुलिस को देखकर भागने लगा। फिर पुलिस ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान निहंग ने एसएचओ पर तलवार से वार कर दिया। जिन्हें बचाने के लिए चौकी इंचार्ज तरसेम सिंह आगे आए। इसी दौरान आरोपी निहंग ने अपने 10 से 12 साथियों को बुला लिया। सभी हमलावरों ने 4 पुलिस कर्मियों को घेर कर उन पर तलवारों से हमला कर दिया।
पुलिस चौकी मराडो के इंचार्ज तरसेम ने कहा कि एक आरोपी को काबू कर लिया है। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है। घायल पुलिस कर्मचारियों ने भी अपना मेडिकल सिविल अस्पताल में करवा लिया है।