जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर सिटी के सबसे पॉश एरिया से सटे आबादपुरा में गुरुवार की रात सिटी पुलिस की सीआईए स्टाफ की टीम ने गैंगस्टर चिंटू और उसके साथियों का एनकाउंटर कर दिया। घटना में एक गैंगस्टर के पैर को गोली छूकर निकल गई। पूरी वारदात में करीब 12 गोलियां दोनों तरफ से चलाई गई।
सारी वारदात का सीसीटीवी भी सामने आया है। जिसमें आरोपी पुलिस पार्टी को देखकर गोली चलाते नजर आ रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने केस में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनसे अत्याधुनिक वेपन भी बरामद किए गए हैं। चारों के खिलाफ सिटी के थाना डिवीजन नंबर-6 (मॉडल टाउन थाना) एक अलग से मामला दर्ज करवाया दिया गया है।
गैंगस्टर चिंटू के खिलाफ पहले भी जालंधर सिटी और देहात में कई मामला दर्ज हैं। मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जालंधर के रहने वाले चिंटू, नीरज, साजन जोशी और किशन उर्फ गंजा के रूप में हुई है। चारों आरोपी आपराधिक पृष्ठभूमि के हैं। वहीं, चिंटू हत्या के केस में जमानत पर जेल से बाहर आया था। जेल से आने के बाद चिंटू कई वारदातें कर चुका था।
मिली जानकारी के अनुसार, जब पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपियों को इसकी भनक लग गई थी। जिसके बाद उक्त घर के पहले फ्लोर से जोशी और गंजा ने छलांग लगा दी और फरार होने की कोशिश की। जिन्हें पुलिस ने पहले ही पकड़ लिया। जिसके बाद पुलिस गैंगस्टर चिंटू और उसके दूसरे साथ को पकड़ने के लिए ऊपर गई। जिन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में गैंगस्टर चिंटू के पैर को गोली छूकर निकल गई। क्राइम सीन के कुछ वीडियो फोटो सामने आए हैं। जिसमें गैंगस्टरों को पुलिस पकड़ कर नीचे उतार रही है।

बता दें कि जिस एरिया में एनकाउंटर हुआ वह सिटी के सबसे पॉश एरिया मॉडल टाउन से सटे हुआ आबादपुरा एरिया है। ये एरिया काफी घनी आबादी वाला है। इसी के चलते पुलिस ने देर रात ये एनकाउटंर किया। बता दें कि देर रात हुई गोलियों का गड़गड़ाहट से पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई थी। मगर जब पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया तो लोगों ने पुलिस की सराहना भी की।
गैंगस्टर चिंटू के शहर में होने की सूचना सिटी पुलिस के सीआईए स्टाफ के इंचार्ज सुरिंदर सिंह कंबोज को मिली थी। उनकी टीम ने देर रात करीब 10 बजे क्राइम सीन पर सिविल वर्दी में पहुंच कर ट्रैप लगा दिया। सभी आरोपी मॉडल टाउन से सटे आबादपुरा के हाउस नंबर-692 में छिपे हुए थे। ये घर गैंगस्टर चिंटू के साथ साजन का है। जिसकी भूमिका की फिलहाल जांच चल रही है।
मिली जानकारी के अनुसार गैंगस्टर चिंटू के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास के दर्जनों मामले दर्ज हैं। चिंटू सिटी में पिछले एक माह में कई वारदातों को अंजाम दे चुका था। बीते दिन उक्त आरोपी ने थाना डिवीजन नंबर-3 के एरिया से बदमाश तोता को किडनैप कर लिया था। जिसके बाद उसके साथ जमकर मारपीट हुई थी। बीते दिन उक्त आरोपियों ने गांधी कैंप में रॉकी नाम के युवक पर फायरिंग भी की थी।