श्री फतेहगढ़ साहिब (द पंजाब प्लस) संगरूर से सांसद सिमरनजीत सिंह मान को गुरुवार तड़के ही पुलिस ने होम अरेस्ट कर लिया। फतेहगढ़ साहिब में किला हरनाम सिंह नगर में उन्हें साथियों समेत हाउस अरेस्ट किया गया। उनके आवास के बाहर और आसपास पुलिस फोर्स तैनात कर इलाके को छावनी बना दिया है। किसी को अंदर जाने और बाहर आने की इजाजत नहीं है।
दरअसल, सोशल वर्कर व ब्लॉगर भाना सिद्धू की गिरफ्तारी के विरोध में सांसद मान ने 1 फरवरी यानी गुरुवार से धूरी में रेल रोको आंदोलन का ऐलान किया था। बुधवार की रात सांसद मान फतेहगढ़ साहिब में अपने आवास आए थे। इसी बीच आज तड़के उन्हें घर में ही बंद कर दिया गया।
इस हाउस अरेस्ट के विरोध में सांसद के निजी सचिव इकबाल सिंह ने कहा कि यह लोकतंत्र की हत्या है। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को अंदर ही बंद कर दिया है। सरकार आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। लेकिन, कब तक ऐसे चलेगा। इकबाल के अनुसार फतेहगढ़ साहिब और संगरूर में शिरोमणि अकाली दल अमृतसर के पदाधिकारियों को होम अरेस्ट किया गया है।