जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर-लुधियाना नेशनल हाईवे पर गोराया के पास मर्सिडीज ने बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद वह बाइक को घसीटते हुए ले गई। जिससे बाइक में आग लग गई। बाइक पर सवार 2 युवकों की मौत हो गई। मरने वालों की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है। मर्सिडीज कार भी बुरी तरह टूट गई।
हादसे के चश्मदीद फिल्लौर के गांव अशाहूर के रहने वाले विक्की ने पुलिस को बताया कि हादसे के वक्त वह बाइक पर पीछे ही आ रहा था। दोनों युवक कुछ दूर पहले ही एक पैलेस से निकले थे। मर्सिडीज कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसकी वजह से वह बाइक आगे आने पर कार को कंट्रोल नहीं कर सके।
विक्की ने पुलिस को बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि उक्त मर्सिडीज चला रहा व्यक्ति दोनों युवकों को बाइक के साथ करीब 40 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया था। इतना ज्यादा घसीटने के बाद दोनों में इतनी हिम्मत ही नहीं बची थी कि वह बाइक से अलग हो जाते। देखते ही देखते उनकी बाइक आग लग गई थी। इसके बाद कार सवार दोनों को बचाने के बजाय मौके से भाग गया। हादसे की जानकारी पुलिस को दी।
क्राइम सीन पर देर रात जांच के लिए थाना गोराया के एसएचओ सुखदेव सिंह और जांच अधिकारी हरभजन सिंह गिल पहुंचे। पुलिस ने मौके से आरोपी की कार और बाइक का बचा हुआ ढांचा अपने कब्जे में ले लिया था। वहीं, दोनों मृतकों के शवों को पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक दोनों युवकों की मौत मौके पर ही हो चुकी थी। पुलिस आज दोनों मृतकों की पहचान करने के लिए फोटो सर्कुलेट करेगी। जांच अधिकारी हरभजन सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है। जल्द केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।