जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर में शराबी पिता ने 3 बेटियों की हत्या कर दी। इसके बाद तीनों के शव लोहे के ट्रंक में डाल दिए और फिर उसे घर के बाहर फेंक दिया। तीनों बहनें रविवार रात 8 बजे से लापता थीं। सोमवार सुबह लोगों ने तीनों बहनों के शव देखे। इस मामले की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पिता को सुबह ही हिरासत में ले लिया था। आरोपी पिता की पहचान सुनील मंडल निवासी गांव काहनपुर (जालंधर) के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुनील मंडल ने कस्टडी में पूछताछ के दौरान अपना गुनाह कबूल करते हुए कहा कि उसने गरीबी से तंग आकर बेटियों 9 साल की अमृता कुमारी,7 साल की कंचन कुमारी और 3 साल की वासु को मौत के घाट उतारा था। सुनील मंडल नशे का आदी है और अकसर शराब के नशे में रहता है। सुनील मंडल के 5 बच्चे हैं। एसएसपी देहात मुखविंदर सिंह भुल्तीलर ने कहा कि तीनों सगी बहनों के शरीर पर कोई मारपीट का निशान नहीं मिला है। पुलिस मेडिकल बोर्ड से तीनों का पोस्टमॉर्टम करवा रही है। उन्होंने कहा कि मौत के कारण का पता लगाने के लिए बोर्ड से मेडिकल करवाया जा रहा है।
रविवार को सुनील मंडल की तीनों बेटियां अचानक लापता हो गई थीं। मकान मालिक ने रात 11 बजे पुलिस थाने में शिकायत भी दर्ज करवाई थी। रात को पुलिस मौके पर भी आई थी और मोहल्ले वालों के साथ उन्हें ढूंढा भी, लेकिन कोई अता-पता नहीं चला था। सुबह पिता एक ट्रंक बाहर निकाल रहा था। जिसमें लोगों ने देखा तो तीनों बच्चियों की लाशें पड़ी थी। तब पिता ने कहा कि तीनों की ट्रंक में मौत हो गई है। थाना मकसूदां के एएसआई हरबंस सिंह ने बताया कि सुनील मंडल और मंजू मंडल के 5 बच्चे हैं। पिता ने पहले कहा था कि रात 8 बजे वे घर लौटे तो बच्चियां नहीं मिली। उन्होंने रात में ढूंढा, लेकिन पता नहीं चला। जिसके बाद पुलिस को इसकी शिकायत की। पिता ने कहा कि वह सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक काम पर गए थे। वहीं मोहल्ले के लोगों ने बताया कि सुनील मंडल अकसर अपने परिवार में झगड़ा करता था और उनके साथ मारपीट भी करता था। मकान मालिक ने बताया कि उसे दो महीने पहले घर किराए पर दिया था, लेकिन उसके रवैये को देखते हुए उसे कमरा खाली करने के लिए भी कहा गया था।