चंडीगड़ (द पंजाब प्लस) हरियाणा के सभी 22 जिलों में कल (29 मई) मॉक ड्रिल होगी। इस दौरान ड्रोन जैसे हवाई हमलों से बचाव का अभ्यास होगा। इसमें सायरन भी बजेंगे। शाम 5 बजे मॉक ड्रिल शुरू होगी। इसके बाद रात को ब्लैकआउट होगा। हरियाणा सरकार ने इसे ऑपरेशन शील्ड का नाम दिया है। इसकी पुष्टि गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव सुमित मिश्रा ने की है।
वहीं, पाकिस्तान से सटे पंजाब के 6 जिलों पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर और फाजिल्का में भी 3 जून को शाम 7 बजे मॉक ड्रिल होगी। सिविल डिफेंस के डीजीपी संजीव कालड़ा ने कहा कि इसके लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखा गया है। क्योंकि अभी सिविल डिफेंस स्टाफ ट्रेनिंग में लगा हुआ है।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद जब भारत और पाकिस्तान के बीच विवाद बढ़ा था, तब भी ये 6 जिले ही सबसे ज्यादा प्रभावित हुए थे।
इससे पहले हरियाणा और पंजाब में 7 मई को मॉक ड्रिल की गई थी। इस दौरान हवाई हमलों की चेतावनी के सायरन बजाकर लोगों को आगाह किया गया था।