अमेरिका (द पंजाब प्लस) अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में इजराइली दूतावास के दो कर्मचारियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना बुधवार रात करीब 9 बजकर 5 मिनट (भारतीय समय के मुताबिक गुरुवार सुबह 6 बजकर 35 मिनट) पर यहूदी म्यूजियम के बाहर हुई।
टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक अपराधी ने ‘फ्री फिलिस्तीन’ का नारा लगाकर दोनों को नजदीक से गोली मारी है। मृतकों में एक पुरुष और एक महिला शामिल हैं। घटना के वक्त दोनों कर्मचारी कैपिटल यहूदी म्यूजियम से बाहर निकल रहे थे। इजराइली दूतावास ने प्रवक्ता ने कहा कि दोनों ने हाल ही में सगाई की थी और जल्द ही शादी करने वाले थे।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान एलियास रॉड्रिगेज के रूप में हुई है। उसकी उम्र 30 साल है। वह शिकागो का रहने वाला है। गिरफ्तारी के दौरान वह फिलिस्तीन को आजाद करने के नारे लगा रहा था।
पुलिस प्रमुख पामेला स्मिथ ने कहा कि गोलीबारी से पहले एक संदिग्ध को म्यूजियम के बाहर घूमते हुए देखा गया था। उसने बाहर निकलते चार लोगों के एक ग्रुप पर गोलियां चलाईं, जिसमें एक पुरुष और एक महिला की मौत हो गई।
घटना शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई, जहां कई म्यूजियम, सरकारी दफ्तर और FBI का ऑफिस भी मौजूद है।
अमेरिका की होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी क्रिस्टी नोएम ने कहा कि यह टारगेट किलिंग जैसी घटना है। फिलहाल घटना की जांच चल रही है और जल्द ही और जानकारी साझा की जाएगी। FBI की ज्वॉइंट टेररिज्म टास्कफोर्स इस घटना की जांच में जुट गई है।