जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर में आज (मंगलवार को) भगवान परशुराम जयंती को लेकर राज्य स्तरीय प्रोग्राम रखा गया। ये प्रोग्राम शहर के एक निजी कॉलेज में आयोजित किया गया, जिसमें पंजाब आम आदमी पार्टी के प्रधान अमन अरोड़ा सहित कई AAP नेता पहुंचे। पहलगाम हमले को लेकर उन्होंने कहा कि, यह सही समय है कि हम आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दें।
आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रधान और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि, राज्य में पहली बार ऐसा हुआ है कि भगवान परशुराम जयंती पर सरकार राज्य लेवल का कार्यक्रम करवा रही है। भगवान परशुराम महाराज जी की छवि एक भक्ति और शक्ति दोनों के रूप में देखी गई है। मंत्री अरोड़ा ने कहा कि जब हम राम राज्य की बात करते हैं, तो हमें उसके लिए भगवान परशुराम के बताए रास्ते पर चलना होगा।
मंत्री अरोड़ा ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए हमले की निंदा करते हुए कहा कि, ये सही समय है कि हम आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दें और उन्हें की भाषा में बताएं कि हम कौन हैं। पंजाब का 230 किलोमीटर का बॉर्डर पाक के साथ लगा है। ऐसे में हम बीएसएफ के साथ मिलकर अपने राज्य को सुरक्षित बनाए हुए हैं और ऐसे ही आगे भी चलता रहेगा।
मंत्री अरोड़ा ने आगे कहा कि, हम लगातार बीएसएफ के साथ टच में रहते हैं। देश की सुरक्षा को लेकर पंजाब की पुलिस प्रतिबद्ध है और हमेशा रहेगी। हम केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर पंजाब में आतंकवाद का खात्मा करेंगे।