जालंधर (दीपक पंडित) पंजाब हरियाणा के शंभू और खनौरी बॉर्डर को 13 माह बाद किसानों के कब्जे से खाली करवाए जाने से नाराज किसान मजदूर मोर्चा (KMM) और संयुक्त किसान मोर्चा (नॉन पॉलिटिकल) द्वारा आज जालंधर में कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के घर का घिराव करने की कोशिश की गई। इस दौरान किसानों ने पुलिस द्वारा की गई बैरिकेडिंग उखाड़कर फेंक दी।
इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच जमकर धक्का मुक्की भी हुई। मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 12 बजे किसान तय समय के अनुसार मंत्री के घर की ओर बढ़ना शुरू हो गए थे। पुलिस ने किसानों के आने से पहले ही बैरिकेडिंग की हुई थी।
इस दौरान जब किसान आगे बढ़े तो उन्हें पुलिस ने बलपूर्वक रोकना चाहा, मगर पुलिस किसानों को रोकने में असफल रही। जिसके बाद किसानों ने मंत्री मोहिंदर भगत के घर के बाहर पहुंचकर धरना लगा दिया। किसानों का ये धरना करीब दोपहर तीन बजे तक चलेगा।