जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर में यूट्यूबर नवदीप सिंह उर्फ रोजर संधू के घर पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने कल यानी रविवार को चंडीगढ़ एयरपोर्ट से एक और यानी सातवां आरोपी गिरफ्तार कर लिया है। देहात पुलिस की सीआईए स्टाफ के इंचार्ज पुष्प बाली द्वारा अपनी टीम के साथ उक्त आरोपी को चंडीगढ़ एयरपोर्ट से दबोचा गया। आरोपी की पहचान मनिंदर उर्फ बॉबी के रूप में हुई है।
रविवार को रात इस बारे में डीजीपी गौरव यादव द्वारा जानकारी साझा की गई। गुप्त सूचना के आधार पर जालंधर देहात पुलिस की टीम ने उक्त आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।
बता दें कि रोजर संधू के घर पर ग्रेनेड हमला करने का मुख्यारोपी हरियाणा यमुनानगर का रहने वाला हार्दिक कंजोब है। जिसे उसके घर के पास से गिरफ्तार किया गया था। जब पुलिस जालंधर में उससे हथियार रिकवर करवाने पहुंचे तो उसने उक्त हथियार से गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में वह जख्मी हो गया था। हार्दिक इस केस का मुख्यारोपी था। जिसने रोजर संधू के घर ग्रेनेड फेंका था।
हार्दिक की पूछताछ के बाद अमितप्रीत सिंह निवासी कपूरथला को गिरफ्तार किया था। अमितप्रीत सिंह की गिरफ्तारी हिमाचल प्रदेश से की गई थी। दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया था। आरोपियों के साथ एक महिला भी थी, जोकि पुलिस हिरासत में ली गई थी।
आरोपी अमितप्रीत सिंह ने गाड़ी से उतर कर भागने की कोशिश की थी। जिसके चलते पुलिस को गोली चलानी पड़ी। गिरफ्तार महिला की पहचान लक्ष्मी निवासी खांबड़ा और अमित के दो अन्य साथियों की पहचान धीरज और पांडेय के रूप में हुई थी।