लुधियाना (द पंजाब प्लस) लुधियाना में आज यानि मंगलवार को पंजाब के सीएम भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने रैली को संबोधित किया। सीएम भगवंत सिंह मान ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने बड़ी-बड़ी पार्टियों के मेनिफेस्टो बदल कर रख दिए है। वहीं अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पूरे पंजाब में नशे के खिलाफ जनआंदोलन शुरू किया गया है।
केजरीवाल ने कहा कि, आज मान साहब की सरकार में सांसद संजीव अरोडा के प्रयासों से शानदार सिविल अस्पताल बन गया। बहुत जल्दी ही पूरे पंजाब के अस्पतालों को ठीक किया जाएगा। पिछले डेढ़-दो साल में सभी विभागों को लेकर प्लानिंग हुई है, लेकिन अब एक्शन का समय है। नशों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पहले पंजाब में नशा नहीं होता था। कौन सी सरकार ने नशा बिकवाया है, यह कहने की जरूरत नहीं है। उस पार्टी और उनके मंत्री के बारे लोगों को खुद पता है। ट्रांसपोर्ट और केबल का काम भी उन लोगों ने छीन लिया। लोग परेशान हुए तो दूसरी पार्टी को मौका दिया। उस पार्टी के नेता ने गुटका साहिब की झूठी शपथ ली। उसने कहा था कि 4 हफ्ते में नशा खत्म कर दूंगा। सत्ता पाने के लिए उसने गुटका साहिब की झूठी कसम खाई। लगातार पिछली सरकार में 5 साल जमकर नशा बिका।
मान ने कहा कि केजरीवाल और उनकी पत्नी इनकम टैक्स कमिश्नर रहे हैं। देश को सुधारने में उनका परिवार लगा है। कुछ लोग उन्हें और मुझे गालियां दे रहे है। हमें पता है कि राह आसान नहीं है, लेकिन हम पंजाब को नशा मुक्त करके रहेंगे। 2 साल की प्लानिंग के बाद ही आज ये एक्शन लिया जा रहा है। नशा बंद होने के बाद नशे से ग्रस्त लोगों के इलाज के लिए नशा छुड़ाओं केन्द्र बनवाए और वहां जरूरी दवाओं को स्टाक किया, ताकि नशे से ग्रस्त जो बच्चे है वह तड़पे नहीं, उनका सही से इलाज हो सके।
पूरी प्लानिंग के बाद उन जगहों का चयन किया गया जहां नशा बिकता है। फिर पुलिस अधिकारियों के तबादले किए, क्योंकि जो 20-20 साल से एक जगह बैठे थे उनकी नशा तस्करों से यारियां थी। अब सीधे तौर पर आदेश दिए गए है कि जिस पर भी चिट्टे के नशा तस्करी का केस है, उसकी पाप की कमाई से बनाया घर तोड़ दो। आने वाले दिनों में अब कई बड़े नशे के सौदागरों के घरों पर भी बुल्डोजर चलेगा। मान ने कहा कि जो नशा मुक्त पंजाब बनाने का वादा किया था उसे अब पूरा करना शुरू कर दिया है।
वहीं अब तहसीलदारों पर भी शिकंजा कस दिया है। भ्रष्टाचार के मामले में यदि किसी तहसीलदार को पुलिस पकड़ती थी तो तहसीलदार हड़ताल पर चले जाते थे, लेकिन उन्हें स्पष्ट कह दिया था कि सरकार ब्लेकमेल नहीं होगी। तहसीदारों की बदलियां इसी कारण की, ताकि भ्रष्टाचार पर नकेल पड़ सके।
मान ने कहा कि मैं भी सांसद रहा हूं, लेकिन मेरे से भी बेहतर एमपी लेंड फंड का इस्तेमाल संजीव अरोड़ा ने किया है। मान ने कहा कि आज 9 साल से बंद इनडोर स्टेडियम शुरू हो गया है। बच्चे यहां अब रोज खेला करेंगे और नशों से दूर रहेंगे। मान ने कहा कि आज इंडिया की हाकी टीम में 11 में से 9 खिलाड़ी पंजाब के है। सबसे बड़ी बात है कि 9 खिलाड़ियों में से 5 खिलाड़ी एक गांव के है। हाकी टीम का कप्तान भी पंजाब का है।