चंडीगड़ (द पंजाब प्लस) हरियाणा, पंजाब, हिमाचल और चंडीगढ़ में आज महाशिवरात्रि पर्व मनाया जा रहा है। शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लाइनें लगी हैं। बम-बम भोले के जयकारों से मंदिर गूंज रहे हैं। महेंद्रगढ़ में दोहान नदी के मध्य स्थित 150 साल पुराने मोदाश्रम मंदिर में भीड़ उमड़ी है। वहीं मोहाली में पंजाबी सिंगर अफसाना खान ने अपने पति के साथ जलाभिषेक किया।
उधर, हिमाचल के मंडी में इंटरनेशनल शिवरात्रि मेला आज से शुरू हो रहा है। यहां 216 देवी-देवता आएंगे। मंडी के DC अपूर्व देवगन राज माधव राय मंदिर, टारना माता मंदिर और देव कमरुनाग की विधिवत पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद लघु जलेब (शोभायात्रा) की शुरुआत होगी।
यह मंडी शहर से होते हुए बाबा भूतनाथ मंदिर के बाहर तक पहुंचेगी। जलेब से पहले व्यास घाट से भूतनाथ मंदिर तक शिव की बारात भी निकलेगी। जलेब में पुलिस बैंड, पुलिस और होमगार्ड की टुकड़ियां भाग लेंगी। इनके पीछे जिला के तीन प्रमुख देवताओं के रथ ढोल नगाड़ों की थाप के साथ चलेंगे। मंडी शहर को इस पर्व के लिए सजा दिया गया है।