जालंधर (दीपक पंडित) पंजाब के सबसे बड़े वाटर पार्क में से एक जालंधर के वंडरलैंड को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। एक मीडिया संस्थान को भेजी गई चिट्ठी में कहा गया है कि आज यानी 31 दिसंबर की रात को वंडरलैंड में होने वाली पार्टी में हम ब्लास्ट करेंगे। साथ ही लेटर में कहा गया है कि जालंधर प्रशासन को यह खुला चैलेंज है। रोक सकते हो तो रोक लो।
हालांकि, इसे लेकर जालंधर देहात पुलिस के SSP हरकमलप्रीत सिंह खख ने कहा है कि ये सब बातें अफवाह हैं। ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है। जबकि, वंडरलैंड में सुबह से ही पुलिस चेकिंग कर रही है, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा।
लेटर की शुरुआत अरबी भाषा से की गई है, जिसमें लिखा है, अल्लाह हू अकबर। आगे अंग्रेजी में लिखा है, ‘यह हमारा ओपन चैलेंज है जालंधर प्रशासन को। हम 31 दिसंबर को वंडरलैंड फार्म में ब्लास्ट करेंगे। अगर रो सकते हो तो रोक लो। यह हमारा ओपन चैलेंज है। काउंटडाउन स्टार्ट… टिक-टोक टिक-टोक टिक-टोक।’
आखिर में फिर अरबी भाषा में लिखा है कि खुदा हमारी शहादत कबूल करे। अल्लाह हु अकबर।
जालंधर देहात पुलिस के SSP हरकलमप्रीत सिंह खख ने धमाके की धमकी को लेकर कहा है कि शहर का सबसे प्रमुख फंक्शन आज वंडरलैंड में है। इसके चलते सुरक्षा तैनात की गई है। यह सिर्फ एक ड्रामा है। बम ब्लास्ट की जो चर्चाएं चल रही हैं, ये सब गलत हैं।
जब SSP से लेटर के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि लेटर कोई भी जारी कर सकता है। यह सब कारोबार को बढ़ाने के लिए किया जा रहा है। हम इस पर जांच कर रहे हैं। जल्द कार्रवाई करेंगे।