चंडीगड़ (द पंजाब प्लस) पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी एक बार फिर विवादों में फंस गए हैं और उनकी मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। दरअसल, चरणजीत सिंह चन्नी ने महिलाओं के खिलाफ विवादित टिप्पणी की थी, जिसके बाद पंजाब महिला आयोग की ओर से नोटिस जारी किया गया है। महिला आयोग की अध्यक्ष राज लाली गिल ने कहा है कि चन्नी का वीडियो सभी ने देखा है, उन्होंने महिलाओं के खिलाफ गलत टिप्पणी की है। चन्नी द्वारा इस्तेमाल की गई शब्दावली असहनीय है।
इसलिए उन्होंने कहा कि चन्नी के खिलाफ राष्ट्रीय महिला आयोग को भी संज्ञान लेना चाहिए। महिला आयोग ने कहा कि अगर चरणजीत सिंह चन्नी ने एक दिन के अंदर जवाब नहीं दिया तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए DGP को पत्र लिखा जाएगा।
गौरतलब है कि चरणजीत सिंह चन्नी गिद्दड़बाहा से कांग्रेस प्रत्याशी अमृता वड़िंग के पक्ष में प्रचार करने पहुंचे थे। चन्नी ने 2 कुत्तों की कहानी सुनाकर महिलाओं पर विवादित बयान दिया था। महिलाओं पर विवादित टिप्पणी करने का उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद विरोधी लगातार उन पर निशाना साध रहे हैं।