जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर जिले के भोगपुर के पास एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जसपाल सिंह उर्फ शालू के रूप में हुई है, जो भोगपुर का ही रहने वाला था। भोगपुर के पास स्थित मोगा रेलवे फाटक के पास उक्त युवक को गोलियां मारी गई। पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर 4 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया गया है। ये घटना देर रात करीब साढ़े दस बजे की है।
जानकारी के अनुसार, चारों आरोपियों ने युवक जसपाल सिंह के सिर और अन्य हिस्सों पर गोलियां मारी थी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। थाना भोगपुर की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने वारदात में शामिल चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। जिनसे भोगपुर पुलिस पूछताछ कर रही है कि उक्त आरोपियों ने इस वारदात को क्यों अंजाम दिया।
जालंधर के देहात पुलिस के एसएसपी हरकमल प्रीत सिंह खख ने कहा कि, दोनों पक्षों के बीच पिछले काफी समय से आपसी विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते युवक की हत्या की गई। शव पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।