चंडीगड़ (द पंजाब प्लस) चंडीगढ़ नगर निगम की 335वीं बैठक कल सुबह 11:00 बजे शुरू होगी। यह बैठक चंडीगढ़ नगर निगम के मीटिंग हॉल में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में चंडीगढ़ के नवनिर्वाचित सांसद मनीष तिवारी पहली बार शामिल होंगे। अब तक निगम की बैठक में भाजपा की सांसद किरण खेर शामिल होती रही है। यह पहली बार होगा, जब गठबंधन की तरफ से आम आदमी पार्टी के प्रधान कुलदीप सिंह और गठबंधन की तरफ से ही कांग्रेस के सांसद मनीष तिवारी इस बैठक में हिस्सा लेंगे। बैठक में कुल 20 प्रस्ताव लाए जाएंगे।
नगर निगम की बैठक में सेक्टर 25 के श्मशान घाट को अपडेट करने का प्रस्ताव लाया जाएगा। चंडीगढ़ में सेक्टर 25 का श्मशान घाट सबसे बड़ा है। इसके लिए करीब 7 करोड़ की लागत रखी गई है। यह शमशान घाट 1960 में बनाया गया था। इसमें 25 शेड बनाए गए हैं। यहां पर बारिश के दिनों में पानी जमा होने और पार्किंग की काफी समस्या रहती हैं। यहां पर दिव्यांग लोगों के आने-जाने के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। उसमें भी अब सुधार किया जाएगा।
नगर निगम के एजेंट में 2.6 करोड़ की लागत से 5 ऑफिस और पांच सैनिटेशन बूथ बनाने का प्रस्ताव लाया जा रहा है। इसमें चंडीगढ़ नगर निगम की सीमा में यह बूथ बनाए जाएंगे। जहां पर सफाई कर्मचारी काम पर जाने से पहले और काम से आने के बाद इकट्ठे होंगे। यहीं पर उनकी हाजिरी लगाई जाएगी।
इसके अलावा दिन में जब भी इन लोगों को खाना खाने या आराम करने की जरूरत होगी तो वह यहां पर कर सकते हैं। इसके लिए नगर निगम की तरफ से जगह की तलाश की जा रही है। जब एक बार यह प्रस्ताव पास हो जाएगा, इसके बाद इनको बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।