जालंधर (दीपक पंडित) पंजाब में लोकसभा चुनाव के लिए वोटिंग से 4 दिन पहले आम आदमी पार्टी के लोकल बॉडी मंत्री बलकार सिंह का कथित वीडियो वायरल होने के मामले में राजनीति तेज हो गई है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने पंजाब के डीजीपी गौरव यादव से विस्तृत रिपोर्ट तीन दिन के अंदर जमा करने के आदेश दिए हैं।
बता दें कि, वायरल वीडियो से पूरे पंजाब में राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। सभी पार्टियों के मंत्रियों ने बलकार सिंह को बर्खास्त किए जाने की मांग की थी और सदस्यता भी रद्द किए जाने की मांग की थी। बता दें कि वायरल हो रहा वीडियो करीब 1.25 मिनट का है। हालांकि इसे लेकर बलकार सिंह ने कहा- मुझे इस मामले की जानकारी नहीं है।
जानकारी के अनुसार, यह वीडियो विदेशी नंबरों से पंजाब के कुछ मीडिया संस्थानों को भेजा गया था। इसमें कोई आवाज नहीं है। यह वीडियो कब की है? इसे किसने बनाया? किसने वायरल किया? इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। वीडियो के साथ लिखा था कि जल्द इसका दूसरा पार्ट भी आएगा। बता दें कि उक्त वीडियो जब लोगों तक पहुंचने लगा तो कांग्रेस, बीजेपी, शिअद ने विरोध शुरू कर दिया था। कल यानी सोमवार को महिला कांग्रेस द्वारा मंत्री बलकार सिंह का पुतला भी जलाया गया था।